महिलाओं में बाल झड़ने की समस्या की विस्तृत जानकारी
महिलाओं में बाल झड़ना आम बात है, और यह किसी भी उम्र में हो सकता है। 50 वर्ष की आयु होने तक, लगभग 10 में से 4 महिलायें बाल झड़ने की समस्या से ग्रस्त है। महिलाओं के लिए यह तनावपूर्ण हो सकता है, जबकि यह अक्सर इलाज योग्य होता है। हालांकि, पहला कदम यह पता लगाना है, कि इसका कारण क्या है।
जब कारणों की बात आती है, तो आपकी उम्र मायने रखती है। युवा महिलाओं में बाल झड़ने के सबसे आम कारण उम्रदराज महिलाओं में होने वाले कारणों से सर्वथा भिन्न होते हैं। आपकी उम्र चाहे जो भी हो, बालों के झड़ने के कारण की समय रहते पहचान करना और उपचार कराना महत्वपूर्ण है।
यह लेख मुख्य रूप से महिलाओं में बालों के झड़ने की समस्या पर केंद्रित है। इस लेख में दी गई जानकारी आप पर भी लागू होगी, यदि आप जन्म से ही एक महिला हैं।
Note – ट्रांस महिलायें जिन्होंने हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी का उपयोग किया है, उनमें बाल झड़ने के अतिरिक्त जोखिम कारक हो सकते हैं, जिन्हें यहाँ शामिल नहीं किया गया है।
महिलाओं में बाल झड़ने के बारे में मुख्य बातें
- महिलाओं में बाल झड़ने और पतले होने के कई कारण होते हैं। सबसे संभावित कारण आपकी उम्र और बालों के झड़ने के पैटर्न पर निर्भर करता है।
- अधिकांश प्रकार के बालों के झड़ने का इलाज संभव है, लेकिन कुछ स्थायी भी हो सकते हैं। किसी भी महिला के लिए, बालों का झड़ना एक डरावना और दर्दनाक अनुभव हो सकता है।
- बालों का दोबारा उगना अक्सर संभव होता है। यह आपके बाल झड़ने के मूल कारण की पहचान करने पर निर्भर होता है।
स्त्री और पुरुष दोनों में, लगभग 50 से 100 बाल यदि हर दिन गिरते हैं, तो यह एक सामान्य सी बात है। लेकिन, यदि बाल इससे कहीं अधिक गिर रहे हैं, तो बता दूँ, कि पीड़ित आप अकेली महिला नहीं हैं।
महिलाओं में बाल झड़ना क्या है?
महिलाओं में बाल झड़ना बस इतना ही है, कि महिलाओं में बालों का गिरना अप्रत्याशित तरीके से बहुत अधिक होता है। आम तौर पर, एक मनुष्य के प्रतिदिन 50 से 100 बाल झड़ते हैं। बालों का झड़ना प्राकृतिक संतुलन का एक हिस्सा है, जब कुछ बाल झड़ते हैं, तो कुछ उगते भी हैं।
इस संतुलन में व्यवधान बालों के झड़ने का कारण बनता है, मतलब बालों का गिरना ज्यादा और उगना कम। बालों के झड़ने के लिए चिकित्सा शब्द “एलोपेसिया” है।
बाल आपकी हथेलियों, तलवों, होंठों या पलकों को छोड़कर त्वचा की लगभग सभी सतहों पर उगते हैं। हल्के, महीन, छोटे बालों को वेल्लस हेयर और मोटे, काले, लंबे बालों को टर्मिनल हेयर कहा जाता है।
बालों का जीवन चक्र क्या हैं?
आपके बाल अलग-अलग जीवन चक्रों से गुजरते हैं, जो यह समझने में मदद करते हैं, कि हर दिन कुछ बालों का झड़ना सामान्य क्यों है।
रोम कूप (बाल कूप) निम्न तीन चरणों से गुजरते हैं:
- एनाजेन (विकास चरण): यह वह समय होता है, जब आपके बाल सक्रिय रूप से बढ़ रहे होते हैं। किसी भी समय आपके सिर के लगभग 85% से 90% बाल इसी अवस्था में बने रहते हैं, और यह करीबन 2 से 8 वर्षों तक ऐसे ही बनी रह सकती है।
- कैटाजेन (संक्रमण चरण): इस संक्रमणकालीन चरण में, जब बालों के रोम सिकुड़ जाते हैं, तब आपके बाल बढ़ना बंद हो जाते हैं। इसमें लगभग दो से तीन सप्ताह लगते हैं।
- टेलोजेन (आराम चरण): यह आराम चरण के अंत में बाल झड़ जाते हैं और नया बाल उनकी जगह ले लेता है, और बढ़ने का चक्र फिर से शुरू हो जाता है। लेकिन ऐसा होने में लगभग दो से चार महीने लगते हैं।
आपके सभी बालों के झड़ने की एक ही समय सीमा नहीं है। इसलिए, सामान्य बाल झड़ने पर, आप प्रतिदिन लगभग 50 से 100 बाल खो देती हैं। लेकिन, अगर आपको इससे ज़्यादा बाल झड़ते हुए दिखें, जैसे कि गुच्छे निकल रहे हों, तो बेहतर होगा कि आप अपनी जांच कराएं, कि क्या हो रहा है।
जैसे-जैसे लोगों की उम्र बढ़ती है, उनके बालों के बढ़ने की दर धीमी हो जाती है।
Read Also – Hair Loss in Women: Causes, Prevention, and Treatment
इसे भी पढ़ें – बालों को झड़ने से रोकने के घरेलू उपाय (Home Remedies for Hair Fall)
महिलाओं में बाल झड़ना कितना आम है?
लगभग एक तिहाई महिलाएं अपने जीवन में कभी न कभी बाल झड़ने (एलोपेसिया) का अनुभव करती हैं; रजोनिवृत्ति के बाद की महिलाओं में, दो तिहाई तक बाल पतले होने या गंजेपन से पीड़ित होती हैं।
हालाँकि, बहुत से लोग सोचते हैं, कि बाल झड़ना केवल उन लोगों को ही प्रभावित करता है, जो जन्म से पुरुष होते हैं। जबकि, अध्ययनों से पता चलता है, कि जो जन्म से महिला हैं, उनमें 50% से अधिक महिलाओं को ध्यान देने योग्य बाल झड़ने का अनुभव होगा।
महिलाओं में बाल झड़ने का सबसे महत्वपूर्ण कारण महिला-पैटर्न हेयर लॉस (FPHL) है।
महिलाओं में बालों के झड़ने के प्रकार क्या हैं?
महिलाओं में बाल झड़ने के कई प्रकार हैं, जिन्हें “एलोपेसिया” भी कहा जाता है, एलोपेसिया के कई अलग-अलग प्रकार हैं:
- इनवोल्यूशनल एलोपेसिया एक प्राकृतिक स्थिति है, जिसमें उम्र के साथ बाल धीरे-धीरे पतले होते जाते हैं। ज़्यादा बाल रोम आराम चरण में चले जाते हैं, और बचे हुए बाल छोटे और संख्या कम हो जाती है।
- एंड्रोजेनिक एलोपेसिया, पुरुषों और महिलाओं दोनों को प्रभावित करने वाली एक आनुवंशिक स्थिति है। यह स्थिति अधिकांश महिलाओं में, महिला पैटर्न गंजापन का कारण बनती है, वैसे तो 40 की उम्र तक बालों का पतलापन नज़र नहीं आता है। लेकिन, महिलाओं को पूरे सिर के बाल पतले होने का अनुभव अवश्य होता है, जिसमें सिर के ऊपरी हिस्से से बाल सबसे ज़्यादा झड़ते हैं।
- एलोपेसिया एरीटा अक्सर अचानक शुरू होता है और बच्चों और युवा वयस्कों में पैची बालों के झड़ने का कारण बनता है। इस स्थिति के परिणामस्वरूप पूर्ण गंजापन (एलोपेसिया टोटलिस) हो सकता है। लेकिन इस स्थिति से पीड़ित लगभग 90% लोगों में कुछ वर्षों के भीतर बाल वापस आ जाते हैं।
- एलोपेसिया युनिवर्सलिस (एयू) यह एलोपेसिया एरीटा का एक उन्नत रूप है, एक ऐसी स्थिति है जिसमें खोपड़ी और शरीर (भौंहें, पलकें और जननांग) पर के बाल पूरी तरह से झड़ जाते हैं।
- ट्रिकोटिलोमेनिया, जो बच्चों में सबसे ज़्यादा देखा जाता है, एक मनोवैज्ञानिक विकार है जिसमें व्यक्ति अपने बाल खुद ही उखाड़ लेता है।
- टेलोजन एफ्लुवियम, सिर पर बालों का अस्थायी रूप से पतला होना है, जो बालों के विकास चक्र में बदलाव के कारण होता है। एक ही समय में बहुत सारे बाल आराम चरण की अवस्था में चले जाते हैं, जिसके कारण बाल झड़ने लगते हैं और फिर पतले हो जाते हैं।
- स्कारिंग एलोपेसिया एक सूजन वाली स्थिति है, जो बालों के रोमकूप (Hair Follicle) को हमेशा के लिए नष्ट कर देती है, जिससे बालों के दोबारा उगने की क्षमता पूरी तरह से ख़त्म हो जाती है।
- ट्रैक्शन एलोपेसिया, बालों को हेयर ब्लोअर से सुखाना और बालों को बहुत कसकर बांधने या खींचने से भी बाल स्थाई रूप से झड़ सकते हैं।
- सेंट्रल सेंट्रीफ्यूगल सिकाट्रिकियल एलोपेसिया, यह अश्वेत महिलाओं में बाल झड़ने का सबसे आम प्रकार है। अक्सर इसकी शुरुआत सिर के बीच में एक छोटे से गंजे पैच के रूप में होती है, जो समय बीतने के साथ फ़ैलता जाता है।
महिलाओं में बाल झड़ने के लक्षण क्या हैं?
अमेरिकन एकेडमी ऑफ़ डर्मेटोलॉजी के अनुसार, ज़्यादातर लोगों के हर दिन 50 से 100 बाल झड़ते हैं। बाल धोते हैं, आपके 250 बाल तक झड़ सकते हैं।
लेकिन, अगर आपके बाल इससे भी ज़्यादा झड़ते हैं, तो आपको ध्यान देने योग्य बाल झड़ने की समस्या हो सकती है।
महिलाओं के बाल झड़ने के कुछ सामान्य लक्षणों में शामिल हो सकते हैं:
- बालों में कंघी या ब्रश करते समय, कंघी में सामान्य से ज़्यादा बाल दिखना
- सिरों की तरफ से बालों का धीरे-धीरे पतले होना
- सिर में गोलाकार या पैची गंजे धब्बे दिखना
- अचानक बालों का ढीला होना
- बालों का विकास धीमा होना
- पूरे शरीर में बालों का झड़ना
बालों के झड़ने के अंतर्निहित कारणों के आधार पर, महिलाओं के बालों के झड़ने के साथ अन्य प्रणालीगत लक्षण भी हो सकते हैं।
महिलाओं को अपने बालों में बदलाव दिखने पर तुरंत किसी बालों के डॉक्टर को दिखाना चाहिए, ताकि वे आपके लक्षणों से निपटने के लिए व्यक्तिगत उपचार योजना बना सकें।
ज़्यादातर मामलों में, महिला एंड्रोजेनिक एलोपेसिया की शुरुआती पहचान समय के साथ गंभीर रूप से बाल झड़ने के जोखिम को कम करती है।
इसे भी पढ़ें – बालों के झड़ने का कारण – आप इस बारे में क्या कर सकते हैं?
महिलाओं में बाल झड़ने का क्या कारण है?
महिलाओं में बाल झड़ने का सटीक कारण जानने के लिए कोई एक विकल्प नहीं है, जो सभी पर लागू हो। अधिकांश महिलाओं में बालों का झड़ना कई कारकों का परिणाम होता है – अक्सर ऐसे कारक जिन्हें नियंत्रित नहीं किया जा सकता।
हालांकि, दुनिया भर में महिलाओं के बाल झड़ने का सबसे आम कारण महिला पैटर्न गंजापन है, जिसे एंड्रोजेनिक एलोपेसिया भी कहा जाता है। यह एक आनुवंशिक कारक है, जो आपको अपने माँ या पिता से विरासत के तौर पर मिलता है।
एंड्रोजेनिक एलोपेसिया यौवन के बाद किसी भी उम्र में हो सकता है, लेकिन यह रजोनिवृत्ति के बाद की महिलाओं में सबसे आम है। बढ़ती उम्र और इस स्थिति का पारिवारिक इतिहास दो प्राथमिक जोखिम कारक हैं।
इस प्रकार के बाल झड़ने से, आपके रोमकूप धीरे-धीरे सिकुड़ जाते हैं और विकास चक्र छोटा हो जाता है। आपके बाल सामान्य रूप से झड़ते हैं, लेकिन नए बाल अधिक महीन और पतले उगते हैं। कुछ समय बाद, कुछ रोम बाल पैदा करना बंद कर सकते हैं।
फीमेल पैटर्न गंजेपन में आपके सारे बाल गिरने की संभावना नहीं है। लेकिन उपचार के बिना, लक्षण समय के साथ खराब हो सकते हैं।
महिलाओं में बाल झड़ने के कई संभावित कारण हैं, जिनमें शामिल हैं:
आनुवंशिक और पारिवारिक इतिहास
दुनिया भर में महिलाओं में बाल झड़ने का सबसे आम कारण वंशानुगत कारक एंड्रोजेनिक एलोपेसिया विकसित होने के जोखिम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महिलाओं में इस प्रकार के बाल झड़ने के शुरुआती लक्षणों में बालों का पतला होना और सिर के शीर्ष भाग का अधिक चौड़ा दिखाई देना शामिल है।
रजोनिवृत्ति
रजोनिवृत्ति के दौरान आपके एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन का स्तर कम होने के कारण महिलाओं में बाल झड़ने का अनुभव हो सकता है। चूँकि, इस दौरान बालों के रोमकूप सिकुड़ जाते हैं, इसलिए आपके बाल पतले हो सकते हैं और आसानी से झड़ सकते हैं।
गर्भावस्था और प्रसव
गर्भावस्था और विशेष रूप से बच्चे को जन्म देने से बाल झड़ने की समस्या हो सकती है। बच्चे को जन्म देने के लगभग 3 महीने बाद महिलाओं में बाल झड़ने की संभावना सबसे अधिक होती है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि बच्चे के जन्म के बाद आपके एस्ट्रोजन का स्तर कम हो जाता है।
बच्चे के जन्म के 6 से 9 महीने बाद आपके हॉरमोन फिर से सामान्य हो जाते हैं, तो बाल आमतौर पर फिर से उग आते हैं।
दवा के साइड इफेक्ट
कुछ पुरानी स्वास्थ्य स्थितियों के उपचार की दवाओं के साइड इफेक्ट के कारण पीड़ित कुछ महिलाओं में एंड्रोजेनिक एलोपेसिया विकसित हो सकता है।
उपचार की स्थिति और उपलब्ध विकल्पों के आधार पर, बालों के झड़ने का कारण बनने वाली दवा को बंद करना संभव हो सकता है, ताकि दीर्घकालिक प्रभावों के जोखिम को कम किया जा सके।
तनाव का उच्च स्तर
तनाव के (व्यक्तिगत या व्यावसायिक) कारणों से, महिलाओं में बाल झड़ने के एक ऐसे दौर का अनुभव हो सकता है, जब उनके बाल काफी मात्रा में झड़ जाते हैं।
तनाव को प्रबंधित करने की तकनीकें इस प्रकार के बालों के झड़ने की गति को धीमा करने या रोकने में मदद कर सकती हैं।
कीमोथेरेपी
विभिन्न प्रकार के कैंसर के उपचार के लिए उपयोग की जाने वाली विकिरण और कीमोथेरेपी से बालों का काफी नुकसान होता है। ये उपचार कैंसर कोशिकाओं को लक्षित करके उन्हें ख़त्म करने के लिए किए जाते हैं।
इन थेरेपी से गुजरने वाली महिलाओं में बालों का झड़ना बहुत आम है (हालाँकि, आमतौर पर ये इलाज खत्म होने के बाद वापस उग आते हैं)।
ऑटोइम्यून बीमारी
ऑटोइम्यून बीमारी एलोपेसिया एरीटा का कारण बन सकती है, जिसमें, अज्ञात कारणों से प्रतिरक्षा प्रणाली सक्रिय हो जाती है और बालों के रोम को प्रभावित करती है।
एलोपेसिया एरीटा वाले अधिकांश लोगों में, बाल वापस उग आते हैं, हालांकि यह अस्थायी रूप से बहुत पतले हो सकते हैं और सामान्य रंग और मोटाई वापस आने से पहले संभवतः हल्के रंग के हो सकते हैं।
हेयरस्टाइल और सौंदर्य उपचार
अक्सर इसे नजरअंदाज कर दिया जाता है, कि तंग हेयर स्टाइल रखना जो बालों में खिंचाव पैदा करते हैं या ब्लीचिंग या कलर कराने से या सौंदर्य उपचार करवाने से, समय के साथ महिलाओं में बाल झड़ने का कारण बन सकते हैं।
सिर की त्वचा को खिंचने से बचाने के लिए कदम उठाने से प्रतिबंधात्मक हेयर स्टाइल और सौंदर्य उपचार के कारण बालों के झड़ने के प्रसार को कम करने में मदद मिल सकती है।
उम्र
उम्र बढ़ने के साथ हॉरमोनल बदलाव बालों के झड़ने का कारण बन सकते हैं। उम्र के साथ बालों का विकास स्वाभाविक रूप से धीमा हो जाता है, इसलिए आपको पतले होने का एहसास हो सकता है। कुछ रोमकूप अंततः बाल उगाना बंद कर देते हैं।
पोषक तत्वों की कमी
हम जो कुछ भी खाते हैं, उसका हमारे समग्र स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है।
कम प्रोटीन वाला या बहुत ज़्यादा कैलोरी-प्रतिबंधित आहार भी अस्थायी रूप से बालों के झड़ने का कारण बन सकता है।
यदि आपका आहार आपके शरीर को पर्याप्त ऊर्जा और आवश्यक पोषक तत्वों को प्रदान नहीं कर पा रहा है, तो बालों का नाज़ुक और कमज़ोर होना बहुत आम बात है, जिससे बाल टूटते हैं और झड़ते हैं।
इसलिए ऐसे खाद्य पदार्थों के बारे में जानकारी प्राप्त करें, जो बालों के झड़ने को रोकने में मदद कर सकते हैं।
विटामिन की कमी
विटामिन ए, बी, सी, डी और ई की कमी, साथ ही आयरन और जिंक जैसे विटामिन की कमी, बालों के झड़ने के कारणों से जुड़ी हुई है।
पुरानी स्वास्थ्य स्थितियाँ
कुछ चिकित्सीय स्थितियाँ भी महिलाओं में बालों के झड़ने का कारण बनती हैं।
चूँकि, बाल हमारे शरीर के एक बड़े भाग को कवर करते हैं, इसलिए अचानक और महत्वपूर्ण बालों का झड़ना इस बात का संकेत हो सकता है, कि आम कारण के अलावा कुछ और हो सकता है, जिसका पता लगाया जाना चाहिए।
महिलाओं में बालों के झड़ने का कारण बनने वाली अन्य अंतर्निहित चिकित्सा स्थितियों के उदाहरणों में शामिल हैं:
- सोरायसिस
- विटिलिगो
- थायरॉयड रोग
- हॉजकिन का लिंफोमा
- हाइपोपिट्यूटारिज्म
- सिस्टमिक ल्यूपस एरिथेमेटोसस (एसएलई)
- एडिसन की बीमारी
- सीलिएक रोग
- एलर्जी
- लाइकेन प्लेनस (ऑटोइम्यून स्किन रैश)
- स्कैल्प का दाद
- स्केलेरोडर्मा
- ट्राइकोरेक्सिस इनवेजिनटा (जिसे बांस के बाल भी कहा जाता है)
महिलाओं में बाल गिरने के जोखिम कारक क्या हैं?
महिलाओं में बालों का झड़ना किसी भी उम्र में महिला को प्रभावित कर सकता है। लेकिन कुछ कारकों के कारण महिलाओं में बाल झड़ने की संभावना बढ़ जाती है।
बालों के झड़ने के जोखिम कारकों में शामिल हैं:
- आयु: उम्र बढ़ने के साथ बालों का झड़ना अधिक आम हो जाता है। उम्र के साथ, बाल बढ़ने की रफ़्तार कम होने लगती हैं, और कुछ रोमकूप नए बाल पैदा करना बंद कर देते हैं।
- पारिवारिक इतिहास: यदि आपके परिवार के किसी सदस्य (जैसे माता-पिता या भाई-बहन) को बाल झड़ने की समस्या है, तो आपके बाल झड़ने की भी पूरी संभावना है।
- उच्च तनाव का स्तर: तनाव और चिंता बालों के झड़ने में महत्वपूर्ण रूप से योगदान दे सकते हैं।
- चिकित्सा स्थितियाँ: कुछ स्वास्थ्य स्थितियाँ आपके बाल झड़ने के जोखिम को बढ़ा सकती हैं।
एंड्रोजेनिक एलोपेसिया के कारण बालों का सामान्य विकास चक्र छोटा हो जाता है। नतीजतन, बाल सामान्य रूप से लंबे या घने नहीं होते।
महिलाओं में बाल गिरने के खतरे क्या हैं?
बालों के झड़ने के कारणों को जानने के लिए त्वचा विशेषज्ञ आपकी पूरी जाँच करेगा। वे आपका शारीरिक परीक्षण करेंगे और आपके आहार, पारिवारिक इतिहास और चिकित्सा इतिहास के बारे में पूछेंगे।
वे बालों के झड़ने के प्रकार का पता लगाने के लिए बालों के झड़ने के पैटर्न को देखकर और उन्नत तकनीकों का उपयोग करके निदान की पुष्टि करते हैं।
यदि आपके डॉक्टर को संदेह है, कि बालों के झड़ने का कारण कोई अंतर्निहित चिकित्सा स्थिति हो सकती है, तो रक्त परीक्षण या स्कैल्प बायोप्सी की सिफारिश कर सकता है।
महिलाओं में बालों के झड़ने का निदान करने के लिए किए जाने वाले परीक्षणों में शामिल हो सकते हैं:
चिकित्सा इतिहास
आपके बालों के झड़ने का कारण निर्धारित करने के लिए, आपका त्वचा विशेषज्ञ कई तरह के सवाल पूछ सकता है, जैसे कि बाल झड़ना कब से शुरू हुआ, बाल झड़ने का पैटर्न क्या है, आप हेयरस्टाइल किस तरह की रखती हैं, क्या आपके परिवार में बाल झड़ने की समस्या है, और आपके लक्षणों के बारे में अन्य जानकारी। वह आपसे आपकी चिकित्सा स्थिति के बारे में भी पूछ सकता है।
शारीरिक परीक्षण
त्वचा विशेषज्ञ आपके स्कैल्प पर सूजन, लालिमा, घाव या निशान की जांच करते हैं। डॉक्टर आपके बालों को बारीकी से देखकर यह पता लगाता है, कि कितने बाल झड़ रहे हैं या झड़ने का पैटर्न क्या है और क्या बाल टूट भी रहे हैं।
शारीरिक परीक्षण के दौरान, आपका डॉक्टर आपके बालों के स्वास्थ्य के बारे में अधिक जानने के लिए कुछ सरल परीक्षण कर सकता है। इनमें निम्नलिखित शामिल हो सकते हैं।
- पुल टेस्ट – यह परीक्षण बालों के झड़ने की गंभीरता को मापता है। पुल टेस्ट के दौरान, त्वचा विशेषज्ञ सिर के किसी हिस्से से, लगभग 40 स्ट्रैंड को पकड़ता है और धीरे से खींचता है। यदि छह या उससे ज़्यादा स्ट्रैंड झड़ते हैं, तो आपको सक्रिय बाल झड़ने की समस्या है।
- टग टेस्ट – टग टेस्ट के दौरान, डॉक्टर बालों के दोनों सिरों को पकड़ता है, फिर खींचकर देखता है, कि बीच में से कोई बाल टूटा तो नहीं है। यह परीक्षण आपके बालों के टूटने या कमज़ोर होने के बारे में जानकारी देता है।
- कार्ड टेस्ट – त्वचा विशेषज्ञ बालों के स्वास्थ्य और नये उगने वाले बालों की जांच करने के लिए कार्ड टेस्ट का उपयोग करते हैं। इस प्रक्रिया में, विशेषज्ञ सिर के बालों के एक भाग पर एक छोटा सफ़ेद कार्ड रखकर बालों की जाँच करता है। बहुत पतले बाल यह संकेत देते हैं, कि आपको टेलोजेन एफ्लुवियम है, जबकि टूटे हुए सिरों वाले छोटे बाल, बालों के शाफ्ट में असामान्यता का संकेत देते हैं।
ट्राइकोमेट्रिक विश्लेषण
त्वचा विशेषज्ञ खोपड़ी और बालों की विशेषताओं का विश्लेषण करने के लिए Folliscope नामक एक उपकरण का उपयोग करके बालों की पूरी जानकारी प्राप्त करते हैं, जिसमें सिर पर बालों की कुल संख्या, बालों का आकार और प्रकार भी शामिल है।
इन जानकारियों का उपयोग उपचार शुरू होने के बाद नए बालों के विकास की प्रगति जानने के लिए किया जाता है।
फंगल कल्चर परीक्षण
फंगल कल्चर परीक्षण, बालों या खोपड़ी की कोशिकाओं में फंगस की उपस्थिति की पता लगा सकता है।
एक त्वचा विशेषज्ञ यह निर्धारित करने के लिए इस परीक्षण की सिफारिश कर सकता है, कि क्या टिनिया कैपिटिस या स्कैल्प रिंगवर्म नामक फंगल संक्रमण बालों के झड़ने का कारण है।
पंच बायोप्सी
एक त्वचा विशेषज्ञ शारीरिक परीक्षण और ट्राइकोमेट्रिक विश्लेषण के आधार पर बालों के झड़ने का कारण निर्धारित कर सकता है।
यदि निदान को स्पष्टता की आवश्यकता है, तो आपका डॉक्टर खोपड़ी को छेदकर छोटे ऊतक का नमूना निकालकर उसकी बायोप्सी कर सकता है, जिसे “पंच” बायोप्सी कहा जाता है।
रक्त परीक्षण
यदि डॉक्टरों को संदेह है, कि आपके बालों के झड़ने का कारण कोई अंतर्निहित चिकित्सा स्थिति, विटामिन या खनिज की कमी या हार्मोनल असंतुलन है, तो वे एक से अधिक रक्त परीक्षणों की सलाह दे सकते हैं। उदाहरण के लिए, एक महिला के सिर के बाल पतले हो रहे हैं, तो उसका कारण वंशानुगत हो सकता है या आयरन की कमी।
- आयरन की कमी – रक्तप्रवाह में आयरन की कमी बालों के झड़ने में योगदान दे सकता है। डॉक्टर रक्त परीक्षण के द्वारा रक्त में फेरिटिन के स्तर की जांच करते हैं। रजस्वला स्त्रियों में फेरिटिन का स्तर अक्सर कम होता है; वैसे ही एनीमिया से पीड़ित महिलाओं में, स्वस्थ लाल रक्त कोशिकाओं की कमी होती है। रक्त परीक्षण से आयरन कमी का पता चल सकता है।
- थायरॉयड रोग – महिलाओं में बालों का झड़ना थायरॉयड रोग जैसे हाइपरथायरायडिज्म या हाइपोथायरायडिज्म का संकेत हो सकता है। थायरॉयड रोग और बालों के झड़ने के बीच कोई स्पष्ट संबंध नहीं है, लेकिन कुछ सबूत हैं, कि थायरॉयड रोग शरीर में ऐसे हार्मोन पैदा कर सकता है, जो रोमकूप को नष्ट कर देते हैं। रक्त परीक्षण थायरॉयड-उत्तेजक हार्मोन के स्तर को निर्धारित कर सकता है।
- एंड्रोजन की अधिकता – जिन महिलाओं के बाल पतले होते हैं और गंजेपन का कोई निशान नहीं होता है, उनमें एंड्रोजन की अधिकता के कारण हार्मोनल असंतुलन हो सकता है। जिससे महिलाओं में बालों का झड़ना और गंजापन; चेहरे, छाती या पेट पर बालों का उगना; अनियमित मासिक धर्म और मुंहासे शामिल हैं। रक्त परीक्षण से एंड्रोजन के बढ़े हुए स्तर का पता चल सकता है।
महिलाओं में बालों के झड़ने का इलाज कैसे किया जाता है?
तनाव या हार्मोनल परिवर्तनों, जैसे गर्भावस्था या रजोनिवृत्ति के कारण होने वाले बालों के झड़ने के लिए किसी उपचार की आवश्यकता नहीं हो सकती है। इसके बजाय, इन स्थितियों के ठीक होने के बाद संभवतः बाल झड़ना अपने आप बंद हो जायेंगे।
महिलाओं में बालों के झड़ने का कारण बनने वाली किसी भी चिकित्सा स्थिति का इलाज सीधे उस स्थिति का करना चाहिए, न कि केवल लक्षणों का।
बालों को फिर से उगाने के कई तरीके हैं, जिनमें दवाएं, सप्लीमेंट्स, कॉस्मेटिक प्रक्रियायें और निवारक जीवनशैली की आदतों को विकसित करना शामिल है।
दवाएँ
बालों के झड़ने की जो समस्याएं अपने आप ठीक नहीं होती हैं, तो ऐसी दवाएँ उपलब्ध हैं, जो आपकी मदद कर सकती हैं:
- मिनोक्सिडिल (रोगेन): टॉपिकल मिनोक्सिडिल (एक घोल या फोम) कई प्रकार के बालों के झड़ने के लिए पहली पसंद की दवा है।
- स्पिरोनोलैक्टोन (एल्डैक्टोन): शोध से पता चलता है, कि स्पिरोनोलैक्टोन कई स्थितियों में मदद कर सकता है, जिसमें महिला-पैटर्न बाल झड़ना भी शामिल है। यह एक ऑफ-लेबल उपयोग है, और आपको डॉक्टर के पर्चे की आवश्यकता होगी।
- फिनास्टराइड (प्रोस्कर, प्रोपेसिया): फिनास्टराइड को महिलाओं में उपयोग के लिए FDA द्वारा अनुमोदित नहीं किया गया है और यह जन्म दोष का कारण बन सकता है। लेकिन त्वचा विशेषज्ञ रजोनिवृत्ति के बाद ओरल फिनास्टराइड की सलाह दे सकते हैं।
- ट्रायमसिनोलोन स्टेरॉयड इंजेक्शन: एक त्वचा विशेषज्ञ कुछ प्रकार के बालों के झड़ने में बालों के पुनर्विकास को बढ़ावा देने में मदद करने के लिए खोपड़ी में ट्रायमसिनोलोन इंजेक्ट कर सकता है।
सप्लीमेंट्स
वर्तमान में, FDA द्वारा बाल झड़ने के लिए स्वीकृत सप्लीमेंट नहीं है। लेकिन विटामिन और मिनरल की कमी से बाल झड़ने की संभावना होती है। आपके बालों को प्रभावित करने वाले किसी पोषक तत्व की कमी का पता रक्त परीक्षण से लग सकता है।
शोध ने आयरन, विटामिन डी और जिंक के कम स्तर को बालों के झड़ने और बालों के झड़ने में बढ़ोत्तरी से जोड़ा है। यदि आपके शरीर में किसी विशेष विटामिन या मिनरल की कमी है, तो डॉक्टर आपके स्तर को ठीक करने के लिए उचित सप्लीमेंट लिखेंगे।
ध्यान रखें! कि सप्लीमेंट लेने के कुछ जोखिम भी हैं।
कॉस्मेटिक प्रक्रियाएँ
त्वचा विशेषज्ञ के उपचार विकल्पों में कॉस्मेटिक और सर्जिकल प्रक्रियाएँ भी शामिल हैं। इनमें से कुछ उपचार अभी भी प्रायोगिक चरण में हैं, लेकिन वे आशाजनक हो सकते हैं:
- माइक्रोनीडलिंग: यह एक नया त्वचा उपचार है, जो कोलेजन उत्पादन को बढ़ाता है, जो त्वचा को मजबूत और स्वस्थ रखने में मदद करता है। माइक्रोनीडलिंग बालों के रोम में स्टेम कोशिकाओं को भी उत्तेजित करता है और बढ़ने की गति को बढ़ावा देता है।
- प्लेटलेट-रिच प्लाज़्मा (PRP): इस प्रक्रिया में बालों के विकास को प्रोत्साहित करने के लिए खोपड़ी में PRP (आपके रक्त का एक घटक) को इंजेक्ट कराते हैं।
- हेयर ट्रांसप्लांट: बाल प्रत्यारोपण के दो मुख्य प्रकार हैं, और दोनों ही बालों के झड़ने को रोकने में प्रभावी हो सकते हैं। लेकिन संक्रमण या सदमे सहित जोखिम हैं, जो प्रत्यारोपित क्षेत्रों से बाल गिरने का कारण बन सकते हैं।
इतने सारे विकल्पों के साथ, त्वचा विशेषज्ञ से बात करना सबसे अच्छा है, कि आपके लिए बालों के झड़ने का कौन सा उपचार सही हो सकता है।
जीवनशैली संबंधी आदतें
बाल शरीर का ही एक हिस्सा हैं, इसलिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बालों को फिर से उगाने की कुंजी है। यहाँ कुछ बातें ध्यान में रखने योग्य हैं:
- संतुलित आहार लें
- अपने तनाव को प्रबंधित करने की दिशा में काम करें
- बालों के उपचार, हीट स्टाइलिंग और हेयर प्रोडक्ट की संख्या को कम करें
- अपने बालों और स्कैल्प को धूप से बचाएँ
- पर्याप्त नींद लें
- निवारक चिकित्सा देखभाल के लिए नियमित रूप से अपने डॉक्टर से मिलें।
इसे भी पढ़ें – बालों की देखभाल की सही दिनचर्या कैसे बनाएं?
महिलाओं में बालों के झड़ने की रोकथाम कैसे करें?
हालाँकि, महिलाओं में बालों के झड़ने के सभी मामलों को नहीं रोक सकते, लेकिन आप बालों को उस नुकसान से बचा सकती हैं, जो अंततः पतले होने का कारण बन सकता है।
बहुत से महिलाएं अपने बालों को बहुत ज़्यादा खींचती या दबाव डालती हैं। हेयर ड्रायर, हॉट कर्लर, हेयर डाई, परमानेंट, टाइट ब्रैड और हेयर स्ट्रेटनिंग उत्पाद और केमिकल युक्त कॉस्मेटिक्स से बाल रूखे, नाज़ुक और पतले हो सकते हैं।
बालों को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए जो बालों के झड़ने का कारण बन सकते हैं, इन सुझावों का पालन करें:
- बालों को स्वाभाविक रखें: अपने बालों को उसके प्राकृतिक रंग और बनावट के अनुसार रहने दें। ब्लोआउट और केमिकल उपचार के बीच बालों को ठीक होने का समय दें। अपने बालों को कसकर बांधने वाला स्टाइल (जूड़ा) न बनायें।
- बालों को कलर करें: बालों को कलर करने से बालों का वॉल्यूम बढ़ सकता है, जिससे आपके बाल अधिक घने दिखेंगे।
- बालों के अनुसार उत्पादों को चुनें: अपने बालों के प्रकार के लिए डिज़ाइन किए गए शैम्पू का उपयोग करें। अपने बालों को कर्ल करते समय, कम नुकसान पहुँचाने वाले स्पोंज रोलर्स चुनें, जिससे आपके बाल टूटने की संभावना कम होगी।
- सिर की मालिश करें: अपने बालों को धोते समय अपनी उंगलियों से सिर की मालिश करें, ताकि आपके स्कैल्प और बालों के रोम में रक्त का प्रवाह बढ़ सके।
- गीले बालों में ब्रश करने से बचें: सही तरीके से बालों को ब्रश करना आपके बालों की स्थिति के लिए फायदेमंद हो सकता है। गीले बाल बहुत नाजुक होते हैं, इसलिए ब्रश करने से बचें। गीले बालों को हमेशा चौड़े दांतों वाली कंघी से संवारें।
- हेयरस्टाइल को बदलें: अपने बालों को छोटा करना या लेयर्स या नई स्टाइल को अपनाकर अपने लुक को बदलना आपके आत्मविश्वास को बढ़ा सकता है और संभावित रूप से बालों के झड़ने को छिपा सकता है।
महिलाओं में बालों के झड़ने के लिए पूर्वानुमान क्या है?
आपके द्वारा अनुभव किए जाने वाले बालों के झड़ने का प्रकार और गंभीरता के आधार पर परिणाम (पूर्वानुमान) का अंदाजा लगा सकती हैं।
कुछ प्रकार के बालों का झड़ना स्थायी होता है, खासकर यदि बालों के रोम क्षतिग्रस्त हों, लेकिन ऐसा सभी मामलों में नहीं होता है। उदाहरण के लिए, एनाजेन और टेलोजेन शेडिंग समय के साथ बंद हो सकती है।
किसी भी अंतर्निहित स्वास्थ्य स्थिति को प्रबंधित करने से बालों का झड़ना कम हो जाता है। एलोपेसिया का शीघ्र उपचार करने से बालों के पतले होने की गति कम हो सकती है और बालों की पुनः वृद्धि को बढ़ावा मिल सकता है।
एक त्वचा विशेषज्ञ ही आपको इस बारे में अच्छी तरह से बता सकता है, कि आपकी अभी जो स्थिति है, उसमें क्या अपेक्षित है।
डॉक्टर को कब दिखाएँ?
जब भी आपको बाल झड़ने का पता चले तो जल्द से जल्द त्वचा विशेषज्ञ से मिलें। जितनी जल्दी आप उपचार करवाएंगे, उतना ही प्रभावी होगा।
अगर आपको ये दिखें तो डॉक्टर से संपर्क करें:
- बालों का गुच्छों में झड़ना
- बाल जो पहले की तरह तेज़ी से नहीं बढ़ रहे हैं
- बालों का पतला और कमजोर होना
- झड़ते बालों के एक भाग का बढ़ना
- अनियमित रूप से बालों का झड़ना
- बुखार, दर्द या थकान जैसे अन्य लक्षण
Last but not Least…
महिलाओं में बालों के झड़ने का सबसे आम कारण महिला-पैटर्न वाला गंजापन (एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया) है। जबकि, बाल झड़ना अपने आप में खतरनाक नहीं है, लेकिन आपके लिए बाल झड़ना एक भावनात्मक अनुभव हो सकता है।
ओटीसी दवाएँ बालों के झड़ने को कम करने और विकास को बढ़ावा देने में मदद कर सकती हैं। बालों के झड़ने के कई अन्य कारण भी हैं। बालों के झड़ने के अन्य प्रकारों में अंतर्निहित कारण का इलाज करना शामिल हो सकता है।
यदि आप अपने बालों के झड़ने या पतले होने का अनुभव कर रही हैं, तो अपनी परेशानी के बारे में डॉक्टर से बात करें। आपका डॉक्टर आपके लक्षणों का कारण निर्धारित करने और उपचार योजना तैयार बनाने में आपकी मदद कर सकता है।
दोस्तों, यह Post आपको कैसा लगी नीचे Comment Box में अवश्य बताएं। Post पसंद आने पर Like करें और Social Media पर अपने दोस्तों के साथ भी Share अवश्य करें, ताकि और लोग भी इस जानकारी का फायदा उठा सकें, जल्द वापस आऊंगा एक New Post के साथ।
Disclaimer
इस लेख के माध्यम से दी गई जानकारी, बीमारियों और स्वास्थ्य के बारे में लोगों को सचेत करने हेतु हैं। किसी भी सलाह, सुझावों को निजी स्वास्थ्य के लिए उपयोग में लाने से पहले हमेशा अपने चिकित्सक की सलाह अवश्य लें।
References –
https://www.webmd.com/skin-problems-and-treatments/hair-loss/understanding-hair-loss-basics
https://healthmatch.io/blog/50-of-women-experience-hair-loss-during-their-lifetime-so-why-arent-we
https://www.goodrx.com/conditions/hair-loss/most-common-causes-of-hair-loss-in-women-by-age
https://my.clevelandclinic.org/health/diseases/16921-hair-loss-in-women
https://nyulangone.org/conditions/hair-loss/diagnosis